नोएडा के गोल्फ कोर्स मेट्रो स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवती ने अचानक मेट्रो के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। यह घटना सोमवार सुबह की बताई जा रही है। युवती एक युवक के साथ स्टेशन पर पहुंची थी, दोनों कुछ देर प्लेटफॉर्म पर खड़े रहे। जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर आई, युवती अचानक आगे बढ़ी और चलती मेट्रो के सामने कूद गई। मौके पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही मेट्रो प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। डीएमआरसी के अनुसार, घटना के चलते कुछ समय के लिए ब्लू लाइन (लाइन – 3) पर सेवाएं प्रभावित रहीं। युवती नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी।
पुलिस ने युवक से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है कि आत्महत्या के पीछे क्या कारण था। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मेट्रो स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा सके।















