मुजफ्फरनगर में ई-रिक्शा लूटकर चालक की हत्या करने वाले दस हजार रुपये के इनामी अभियुक्त प्रवीन को पुलिस मुठभेड़ में कूकड़ा रोड से घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में नई मंडी पुलिस टीम द्वारा की गई। अभियुक्त के पास से लूटी गई ई-रिक्शा और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। घायल अभियुक्त को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना 19 अप्रैल 2025 की है, जब कमलनगर निवासी घसीटू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका बेटा शुभमपाल, जो ई-रिक्शा चलाता था, सचिन और प्रवीन नामक व्यक्तियों के साथ गया था और वापस नहीं लौटा। उसी दिन सचिन को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर शुभमपाल का शव मोरना के पास गन्ने के खेत से बरामद किया गया था। प्रारंभिक जांच में मामला लूट और हत्या का पाया गया, जिसके आधार पर धाराएं बढ़ाकर प्रवीन की तलाश जारी थी। आखिरकार, मुठभेड़ के दौरान उसे पकड़ लिया गया।















