बांदा- जिला व शहर बाँदा कांग्रेस जनों ने केंद्र सरकार द्वारा जाति जनगणना कराई जाने की घोषणा पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को इसका श्रेय देते हुए प्रदर्शन कर उन्हें धन्यवाद दिया। कांग्रेस जनों ने हाथों में बैनर एवं राहुल गांधी की फोटो लिए हुए कांग्रेसी झंडे लेकर जुलूस निकाला। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी की जो मांग चल रही थी कि पूरे देश में जातीय जनगणना कराई जाए, उसे मांग को अंततः केंद्र सरकार को मनाना पड़ा और जातीय जनगणना कराई जाने की घोषणा करनी पड़ी। हमारे नेता राहुल गांधी कि यह जीत है, कांग्रेस खेमें में प्रसन्नता है और पूरे देश में राहुल गांधी को धन्यवाद दिया जा रहा है।
शहर अध्यक्ष अफसाना शाह ने कहा कि अंततः केंद्र सरकार को झुकना पड़ा। हम कांग्रेस जन आल्हादित है। जाति जनगणना कराए जाने के पीछे कांग्रेस पार्टी की सोच स्पष्ट है कि जिसकी जितनी भागीदारी उसकी उतनी हिस्सेदारी इस मिशन को कामयाबी मिलेगी। जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित एवं शहर अध्यक्ष अफसाना शाह ने जुलूस का नेतृत्व किया तथा संकटा प्रसाद त्रिपाठी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा खान, पप्पू हसन जुलूस में सम्मिलित रहे। कांग्रेस कार्यालय स्टेशन रोड से जुलूस उठकर पीली कोठी होते हुए छावनी चौराहा होते हुए बाकरगंज चौराहा होकर पालीवाल बिल्डिंग होते हुए कांग्रेस कार्यालय तक जुलूस संपन्न हुआ। जुलूस के पश्चात कांग्रेस जनों ने पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिजा व्यास के निधन पर उन्हें शोक श्रद्धांजलि अर्पित की।















