अतर्रा/बांदा। मर्यादा पुरुषोत्तम राम के जन्मोत्सव पर कस्बे में भक्ति और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। प्रसिद्ध तीर्थ स्थल गौरा बाबा धाम में ढोलक-मंजीरे की थाप पर साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया। ‘भयै प्रगट कृपाला दीन दयाला कौशल्या हितकारी’ की स्तुति के साथ भगवान का जन्मोत्सव आरंभ हुआ। महिलाओं ने सोरठा गीत गाए और प्रसाद वितरण हुआ।
वहीं, नमो राघवाय समिति के संयोजक ध्रुव उपाध्याय के नेतृत्व में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें डीजे पर भक्ति गीतों के साथ श्रद्धालु ‘भारत का बच्चा-बच्चा जय श्रीराम बोलेगा’ जैसे नारों पर झूमते रहे। नगर में जगह-जगह शोभा यात्रा का स्वागत किया गया और हर घर में राम जन्मोत्सव की खुशियां मनाई गईं।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जिला अधिकारी राहुल द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी प्रवीण कुमार यादव, कस्बा इंचार्ज प्रेमपाल, सब इंस्पेक्टर शिव मिलन सिंह, बालमुकुंद शुक्ला सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। राम जन्मोत्सव ने नगर में भक्ति, उल्लास और एकता का संदेश फैलाया।















