मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश सरकार की सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति के आठ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित मेले के तीसरे दिन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार ने मेले में लगे विभिन्न विभागों के स्टालों और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विशेष रूप से पुलिस विभाग की प्रदर्शनी सहित अन्य विभागों के मॉडलों और योजनाओं की सराहना की तथा विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली।
इसके बाद, मंत्री और गणमान्य नागरिकों ने डिस्प्ले पर कुंभ डॉक्युमेंट्री फिल्म तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रसारण को देखा। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार 2017 से लगातार विकास कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि और अन्य कृषि योजनाओं से लाभान्वित कर रही है।
तीन दिवसीय मेले में लोगों ने फूड स्टॉल पर विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया। नागरिकों ने विभागीय स्टालों और प्रदर्शनी को देखा और उसकी प्रशंसा की। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य राजीव कुमार ने किया। इस अवसर पर सहारनपुर मंडल के अध्यक्ष प्रभात तोमर, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक सिंह, मुख्य विकास अधिकारी संदीप भागिया, अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार, उपयुक्त एनएलआरएम प्रमोद यादव, उपनिदेशक कृषि संतोष कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी राघवेंद्र सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।















