औरैया में समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन द्वारा राणा सांगा को गद्दार कहने के बयान पर क्षत्रिय समाज ने जोरदार विरोध जताया। क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सांसद का पुतला फूंकते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान क्षत्रिय युवा नेता दिनकर प्रताप सिंह चौहान ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि जो भी रामजीलाल का सिर काटकर लाएगा, उसे क्षत्रिय महासभा औरैया की ओर से 1 लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा। इससे पहले, जालौन चौराहे स्थित महाराणा प्रताप भवन में क्षत्रिय समाज की एक हंगामेदार बैठक आयोजित हुई, जिसमें सांसद के बयान को लेकर तीखी आलोचना की गई।
प्रदर्शन का नेतृत्व संरक्षक कुंवर रविन्द्र सिंह कुशवाह ने किया, जिसमें एक सैकड़ा से अधिक क्षत्रिय समाज के लोगों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने समाजवादी पार्टी और राज्यसभा सांसद के खिलाफ नारेबाजी की और उनके बयान की कड़ी निंदा की।
क्षत्रिय महासभा ने समाजवादी पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मांग की कि वे रामजीलाल सुमन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें और उन्हें राज्यसभा सदस्य पद से हटाया जाए। सांसद के इस बयान के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।
इस प्रदर्शन में अध्यक्ष शिवपाल सिंह जादौन, मलखान सिंह, मुकेश सिंह, कुंवर सिंह चौहान, देवेंद्र प्रताप सिंह गौर, वीरेंद्र सिंह तोमर, करन सिंह चौहान, नरेंद्र सिंह सेगर, सत्येंद्र सिंह चौहान, संजय सिंह चौहान, शिवपाल सिंह सिकरवार, हरवंश सिंह सेगर, बृजेश सिंह सेगर, ओमप्रकाश, धीर सिंह, भूपेंद्र सिंह, हरिमोहन राजावत, इंद्रजीत सिंह, राजू सिंह चौहान सहित कई क्षत्रिय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।















