राजस्व और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न, अधिकारियों को दिए निर्देश

मुजफ्फरनगर। मंडलायुक्त अटल कुमार राय की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में राजस्व और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विभागों को कार्य योजनाओं में गुणात्मक प्रगति लाने, सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग सुधारने और राजस्व कार्यों के लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने मंडलायुक्त को राजस्व कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि तीन साल से अधिक समय से लंबित कोई भी वाद नहीं रहना चाहिए और पुराने मामलों का समय पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को लेखपाल और कानूनगो की कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा, आईजीआरएस और संपूर्ण समाधान दिवस की शिकायतों का शीघ्र समाधान करने और डिफॉल्टर श्रेणी में आने से पहले ही निस्तारण करने को कहा गया।

मंडलायुक्त ने विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग अपने-अपने लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। विद्युत विभाग को निर्देश दिए गए कि बिजली बिलों में अनियमितता न हो, गलत बिलिंग पर तुरंत सुधार किया जाए और यदि कोई ऑपरेटर गड़बड़ी करता है तो उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए।

कृषि विभाग को निर्देश दिया गया कि किसानों को गेहूं की पराली जलाने से रोका जाए। स्वास्थ्य विभाग को सभी सीएचसी और पीएचसी में डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। सभी एंबुलेंस को संचालन में रखने और ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं के लिए चारागाह विकसित करने तथा गोवंश का समय-समय पर टीकाकरण कराने के भी आदेश दिए गए।

मंडलायुक्त ने 25, 26 और 27 मार्च को आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस की तैनाती, शौचालयों की सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी। इस दौरान रोजगार मेले का आयोजन करने और विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें।

बैठक में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी संदीप भागीया, अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट विकास कश्यप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts