मुजफ्फरनगर में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने विद्युत विभाग के आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं को सुनकर उनके निस्तारण के लिए प्रबंध निदेशक को निर्देश दिए।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अधीक्षण अभियंता विद्युत नगरीय वितरण मंडल मुजफ्फरनगर द्वारा जनपद मुजफ्फरनगर और शामली के सभी मंडल, खंड, उपखंड और कार्यालयों में कंप्यूटर ऑपरेटरों की निविदा आमंत्रित की गई है। इसमें 8 वर्ष से अधिक सेवा देने वाले ए-श्रेणी के कंप्यूटर ऑपरेटरों की संख्या कम कर उन्हें बी-श्रेणी में बदल दिया गया है। इससे उनके वेतन में भारी कटौती होगी और कार्यक्षमता भी प्रभावित होगी।
अपनी समस्याओं को लेकर आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर्स गांधीनगर स्थित मंत्री आवास पहुंचे और समाधान की मांग उठाई। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही प्रबंध निदेशक, पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, मेरठ से दूरभाष पर वार्ता की और जल्द से जल्द निस्तारण के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार संविदा कर्मियों और युवाओं के हितों को लेकर संवेदनशील है। उन्होंने बताया कि व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग युवाओं को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य कर रहा है। सरकार का उद्देश्य न केवल युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर कुशल बनाना है, बल्कि उन्हें इतना सक्षम बनाना है कि वे स्वरोजगार शुरू कर दूसरों को भी रोजगार दे सकें।















