जयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना प्रताप नगर (पूर्व) में तैनात कांस्टेबल कन्हैया लाल मीणा को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
एसीबी के महानिदेशक पुलिस डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा ने बताया कि जयपुर नगर-प्रथम इकाई को शिकायत मिली थी कि कांस्टेबल कन्हैया लाल मीणा ने परिवादी से वरुण नामक व्यक्ति से खरीदे गए कैमरे के संबंध में दर्ज रिपोर्ट को निपटाने और कानूनी अड़चनों से बचाने के लिए रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत मिलने पर उप महानिरीक्षक पुलिस-द्वितीय राहुल कोटोकी के सुपरविजन और एसीबी जयपुर नगर प्रथम के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। इस दौरान उप अधीक्षक नीरज गुरनानी और अन्य अधिकारियों की टीम ने कांस्टेबल कन्हैया लाल मीणा को परिवादी से रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी कन्हैया लाल मीणा, पुत्र रणजीत मीणा (34 वर्ष), ग्राम डांगरवाड़ा, तहसील आंधी, जयपुर का निवासी है और वर्तमान में जेपी नगर, लुणियावास, जयपुर में रह रहा था।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।















