बांदा के ओरन में जल एवं पर्यावरण गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद, आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार, जिलाधिकारी जे. रीभा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
जलशक्ति मंत्री ने इस दौरान जिले में कुल 58.29 करोड़ की 35 विभागीय परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की 10.38 करोड़ की पांच परियोजनाएं, 24.93 करोड़ की तीन परियोजनाओं का शिलान्यास, लघु सिंचाई विभाग की 7.59 करोड़ की 22 परियोजनाओं का लोकार्पण और 15.39 करोड़ की पांच परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
जल संरक्षण के महत्व पर बोलते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि जल ही जीवन है और इसका संरक्षण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नदियां हमारी धरोहर हैं और पूर्वजों ने जल के महत्व को समझते हुए तालाबों व पोखरों का निर्माण कर जल को सहेजा था। भूजल स्तर गिरने से रोकने के लिए सामूहिक भागीदारी के साथ जल संचयन को बढ़ावा देने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश में 2.37 करोड़ घरों तक नल कनेक्शन पहुंचाए गए हैं, जबकि बांदा में 2.68 लाख घरों को जलापूर्ति के लिए जोड़ा गया है। केन-बेतवा लिंक परियोजना से 2.51 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी। जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील करते हुए उन्होंने हर खेत पर मेड बनाने और हर मेड पर पेड़ लगाने पर जोर दिया।
जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने जल संरक्षण और संचयन के महत्व पर बल देते हुए कहा कि बुंदेलखंड में जल संकट को देखते हुए सरकार ने हर घर नल योजना शुरू की है। 45,000 करोड़ की लागत से बन रही केन-बेतवा लिंक परियोजना इस क्षेत्र के लिए वरदान साबित होगी।
पद्मश्री उमाशंकर पांडे ने जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने बताया कि जनपद के कई गांवों में जल संरक्षण के लिए प्रभावी कार्य हुए हैं। भूजल स्तर लगातार गिर रहा है और आने वाले समय में जल संकट गहरा सकता है, इसलिए वर्षा जल संचयन को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
आयुक्त अजीत कुमार ने जल संरक्षण के लिए जन सहयोग की आवश्यकता बताते हुए कहा कि जल संचयन को प्रभावी बनाने के लिए जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन जरूरी है। इस मौके पर जल संरक्षण के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों और अन्य लोगों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल, विधायक ओममणि वर्मा, एमएलसी पवन कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत, मुख्य विकास अधिकारी वेद प्रकाश मौर्य, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे राजेश द्विवेदी समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पद्मश्री उमाशंकर पांडे ने किया।















