शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव बसधाड़ा में बुलेट सवार दो किशोर पटाखे छोड़कर आतंक मचा रहे थे। परेशान ग्रामीणों ने इसकी शिकायत डायल 112 पर की। सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और दोनों किशोरों के साथ बुलेट को कब्जे में ले लिया।
पुलिस कार्रवाई के दौरान बदसलूकी और हाथापाई की घटना के बाद थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बुलेट मोटरसाइकिल को सीज कर दिया और किशोरों को थाने से भेज दिया। इस कार्रवाई से नाराज भाकियू (तोमर) के कार्यकर्ताओं ने शाहपुर थाने पर धरना दे दिया।
भाकियू (तोमर) के जिलाध्यक्ष निखिल चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने थाने पर पहुंचकर पुलिस पर आरोप लगाया कि उन्होंने किशोरों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। प्रदर्शनकारियों ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, धरना जारी रहेगा।
थानाध्यक्ष दीपक चौधरी ने मामले में सफाई देते हुए बताया कि मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव पुरबालियान निवासी दो किशोर बुलेट मोटरसाइकिल से गांव में घूमकर पटाखे छोड़ रहे थे। ग्रामीणों की शिकायत पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और किशोरों को थाने भेज दिया। उन्होंने पुलिस पर लगे गाली-गलौज और मारपीट के आरोपों को निराधार बताया।
धरने में हबीब गुर्जर, नौशाद बालियान, मोंटी, महबूब, मोहित लाटियान, सोनू शर्मा, फारूक और अजय त्यागी सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।















