महिला प्रीमियर लीग 2025 का एलिमिनेटर मुकाबला 13 मार्च को मुंबई इंडियंस बनाम गुजरात जायंट्स के बीच खेला गया। गुजरात ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी के लिए मुंबई को न्योता दिया।मुंबई ने पहली पारी में विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से हेले मैथ्यूज और नैट साइवर-ब्रंट ने अर्धशतकीय पारी खेली और मुंबई को विशाल लक्ष्य की ओर पहुंचा दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात के बल्लेबाज खासा कमाल नहीं दिखा सके। अंत में मुंबई ने 47 रनों से मुकाबला जीत लिया। मुंबई इस जीत के साथ फाइनल में पहुंच गई है, जहां उसका सामना 15 मार्च को दिल्ली कैपिटल्स से होगा।
मुंबई ने बनाए थे 213 रन
पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस को अच्छी शुरुआत नहीं मिल सकी। सलामी बल्लेबाज 4.2 ओवर में ही 14 गेंदों में 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। हालांकि इसके बाद हेले मैथ्यूज और नैट साइवर-ब्रंट ने अर्धशतकीय पारी खेलकर मुंबई को मजबूत स्थिति में कर दिया। मैथ्यूज ने 50 गेंदों में 77 रनों की पारी खेली, जिसमें 10 चौके के अलावा 3 छक्के दर्ज थे। वहीं नैट साइवर-ब्रंट ने 41 गेंदों में 10 चौके और 2 छक्के का मदद से 77 रन बनाए। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए मिलकर शतकीय साझेदारी भी निभाई। इसके बाद हरमनप्रीत कौर का भी बल्ला चला। उन्होंने कप्तानी पारी खेलते हुए 12 गेंदों में 300 के धमाकेदार स्ट्राइक रेट से 2 चौके और 4 छक्के की मदद से 36 रन बनाकर गुजरात के गेंदबाजों की हवा निकाल दी। मुंबई ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 213 रन बनाए थे।
गुजरात ने गंवाया मुकाबला
214 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात को अच्छी शुरुआत नहीं मिल सकी, क्योंकि टीम को पहला झटका 6 के स्कोर पर लगा, जब सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी 5 गेंदों में 6 रन बनाकर आउट हो गईं। गुजरात का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पार्टनरशिप नहीं कर सका। डैनियल गिब्सन ने 24 गेंदों में 34 रन बनाए। जबकि हरलीन देओल और एशले गार्डनर 8-8 के स्कोर पर पवेलियन लौट गईं। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए फोबे लिचफील्ड ने 20 गेंदों में 31 और भारती फूलमाली ने 20 गेंदों में 30 रन बनाए। हालांकि दोनों की पारी जीत के लिए काफी नहीं थी। गुजरात ने 19.2 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 166 रन बनाए थे।















