होली पर्व पर जनपद में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था

बांदा— होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है, वहीं सोशल मीडिया पर अफवाहों और भ्रामक खबरों को रोकने के लिए 24 घंटे सक्रिय मीडिया सेल तैनात किया गया है।

जनपद को सुरक्षा की दृष्टि से पांच सुपर जोन, 17 जोन और 103 सेक्टरों में बांटा गया है। ड्यूटी पर पांच पुलिस उपाधीक्षक, 18 थाना प्रभारी, 11 अतिरिक्त निरीक्षक, 185 उपनिरीक्षक, 700 मुख्य आरक्षी/आरक्षी और एक कंपनी पीएसी तैनात की गई है। इसके अलावा, मुख्यालय सहित सभी थाना क्षेत्रों में 18 टीमों को आपात स्थिति के लिए रिजर्व रखा गया है।

पुलिस द्वारा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, होटलों, शराब की दुकानों और भीड़-भाड़ वाले अन्य स्थानों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। होली पर हुड़दंग करने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी और सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि वे मिल-जुलकर शांतिपूर्वक होली का त्योहार मनाएं और आपसी भाईचारे को बनाए रखें। शहर की शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर कोतवाली प्रभारी पंकज कुमार सिंह को विशेष जिम्मेदारी दी गई है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts