गांव कसेरवा में मजाक करने से मना करने पर एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर एक व्यक्ति सहित उसके पिता और पत्नी को घायल कर दिया।
गांव निवासी बिलाल ने थाने में तहरीर देकर बताया कि दोपहर में वह मस्जिद में नमाज पढ़ने गया था। तभी गांव का बुल्ला वहां आया और उसके साथ मजाक करने लगा। जब उसने मजाक करने से मना किया तो बुल्ला ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद बिलाल अपने घर लौट आया।
कुछ देर बाद बुल्ला अपने भाई गुलफाम, सद्दाम और शाहरुख के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर उसके घर पहुंचा और दोबारा गाली-गलौज करने लगा। जब बिलाल ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया।
बिलाल को बचाने के लिए उसके पिता ताहिर और पत्नी बीच-बचाव करने आए, तो आरोपियों ने उन्हें भी पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित ने पुलिस से तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।















