मुजफ्फरनगर— जिले में किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। कृषि, राजस्व, गन्ना, बैंक और चकबंदी विभागों की अनियमितताओं से किसान परेशान हैं। इसी को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) 10 मार्च 2025 को जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपेगी।
किसान नेताओं का कहना है कि कॉपरेटिव विभाग किसानों की 3% सब्सिडी वापस नहीं कर रहा। गन्ना विभाग शुगर मिलों के साथ मिलकर महंगे बीज और दवाइयां बेचने में लगा हुआ है, जबकि गन्ने की बीमारियों से बचाव के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे।
राजस्व विभाग की रियल टाइम खतौनी में त्रुटियों के कारण किसानों को भूमिहीन बना दिया गया है। लेखपालों द्वारा अधिकृत प्रतिनिधियों के माध्यम से ही पैसे लेकर काम किया जा रहा है। बैंकों द्वारा नियमों के विरुद्ध किसानों की जमीनें मात्र 2 लाख के ऋण पर भी बंधक बनाई जा रही हैं और उन पर अतिरिक्त चार्ज लगाया जा रहा है।
चकबंदी विभाग के अधिकारी अपने ही आदेशों को बदल रहे हैं, जिससे कई किसान भूमिहीन हो गए हैं और उन्हें उनका हक नहीं मिल रहा।
इन सभी समस्याओं को लेकर भाकियू अराजनैतिक के प्रतिनिधि कल जिलाधिकारी से वार्ता करेंगे और त्वरित समाधान की मांग करेंगे।















