मुजफ्फरनगर में पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा बैठक, 50 हजार सोलर संयंत्र लगाने का लक्ष्य

मुजफ्फरनगर में मुख्य विकास अधिकारी संदीप भागिया की अध्यक्षता में विकास भवन सभाकक्ष में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना प्रभारी ने योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जनपद में 50 हजार घरों पर ऑनग्रिड सोलर रूफटॉप पावर प्लांट स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना के तहत 2 किलोवाट संयंत्र की स्थापना पर 90 हजार रुपये और 3 किलोवाट संयंत्र पर 1,08,000 रुपये तक का अनुदान केंद्र व राज्य सरकार द्वारा दिया जाता है। योजना के तहत 1 से 10 किलोवाट तक के घरेलू विद्युत कनेक्शन वाले लाभार्थी इसका लाभ उठा सकते हैं।

बैठक में बताया गया कि बैंक 7 प्रतिशत ब्याज दर पर लाभार्थियों को लोन उपलब्ध कराएंगे। 1 किलोवाट संयंत्र से प्रतिदिन 4-5 यूनिट बिजली उत्पन्न होती है, जबकि 2-3 किलोवाट के संयंत्र से 10-15 यूनिट बिजली प्रतिदिन मिलती है। इस तरह एक माह में 300-450 यूनिट बिजली का उत्पादन संभव है। योजना में नेट मीटर की भी सुविधा दी जा रही है। जनपद में 32 वेन्डर्स पंजीकृत हैं, जो लाभार्थियों का निःशुल्क पंजीकरण करेंगे। लाभार्थी स्वयं भी नेशनल पोर्टल pmsuryaghar.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं।

मुख्य विकास अधिकारी ने बैंकों को निर्देश दिया कि 7 दिनों में लोन प्रक्रिया पूरी की जाए और 3 किलोवाट तक के संयंत्रों के लिए अनावश्यक कागजी कार्रवाई से लाभार्थियों को परेशान न किया जाए। बैंक अधिकारियों को लाभार्थियों के साथ अच्छा व्यवहार करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को सत्यापन एवं स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य समय पर पूरा करने के आदेश दिए गए, साथ ही 3 मार्च 2025 तक स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए गए। अधीक्षण अभियंता को स्वयं निरीक्षण करने को कहा गया।

बैठक में बताया गया कि 2 लाख तक के लोन के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, एक फोटो और बिजली बिल के आधार पर ही लोन दिया जाएगा। सभी वेन्डर्स को 50 हजार संयंत्रों की स्थापना का लक्ष्य पूरा करने के लिए प्रचार-प्रसार तेज करने के निर्देश दिए गए। यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी को विद्युत विभाग और बैंक अधिकारियों से समन्वय कर समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, अग्रणी जिला प्रबंधक, बैंक के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर, जिला सूचना अधिकारी और सभी पंजीकृत वेन्डर्स मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts