मुजफ्फरनगर के डीएम वार रूम के तत्वावधान में पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय नावला (खतौली) में वार्षिक कार्यक्रम “तरंग” का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उप जिलाधिकारी खतौली मोनालिसा जौहरी उपस्थित रहीं, जबकि अति विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। साथ ही, खंड शिक्षा अधिकारी खतौली, ग्राम प्रधान, एसएमसी अध्यक्ष, शैक्षिक संगठन/संघ के पदाधिकारीगण, प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्थानीय गणमान्य लोग भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुई। इसके पश्चात बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और योग कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी मोनालिसा जौहरी ने बच्चों की प्रतिभा और कार्यक्रम के आयोजन की सराहना की। उन्होंने प्रधानाध्यापक एवं ग्राम प्रधान से आग्रह किया कि इसी प्रकार विद्यालय में निरंतर शैक्षिक और सह-शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन किया जाए, जिससे बच्चों का मानसिक, बौद्धिक एवं शारीरिक विकास हो।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने अपने संबोधन में बताया कि जनपद के चयनित पीएम श्री विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का यह विजन है कि सरकारी योजनाओं का लाभ सभी बच्चों तक पहुंचे, जिससे कोई भी बच्चा शिक्षा और सुविधाओं से वंचित न रहे। वर्तमान में सरकारी स्कूलों में बच्चों को सभी आवश्यक सुविधाएं दी जा रही हैं, जिससे वे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। शिक्षकगण भी विभिन्न प्रशिक्षणों के माध्यम से बच्चों के लिए बेहतर शैक्षिक वातावरण तैयार कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पीएम श्री स्कूलों में इको क्लब, बाला फीचर्स जैसी गतिविधियों के लिए विशेष फंड की व्यवस्था की जा रही है, ताकि इन स्कूलों को और अधिक विकसित किया जा सके और अन्य विद्यालय भी इनसे प्रेरणा ले सकें। कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान द्वारा विद्यालय को दिए जा रहे सहयोग की भी सराहना की गई और यह उम्मीद जताई गई कि भविष्य में भी इसी प्रकार का सहयोग मिलता रहेगा।
जन शिकायत करने हेतु अपने स्मार्टफोन में “जन शिकायत ऐप” नीचे दिए गए लिंक से डाउनलोड करें:
डाउनलोड करें















