शामली के थानाभवन स्थित दयाल आश्रम में 474वें महाशिवरात्रि यज्ञ महोत्सव के अवसर पर सप्तदिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। पहले दिन श्रीमद्भागवत कथा के प्रारंभ से पूर्व बैण्ड-बाजों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा दयाल आश्रम से शुरू होकर मेला ग्राउंड, टंकी चौक, छत्ता बंगला, पुलिस चौकी, चौक बाजार और दीनदयाल मार्केट होते हुए पुनः दयाल आश्रम पहुंची। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर नगर परिक्रमा की, वहीं कथा वाचक मनोज जी महाराज श्रीमद्भागवत को सिर पर धारण कर यात्रा में शामिल रहे। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया। यात्रा के उपरांत कथा स्थल पर कलश स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना और आरती संपन्न हुई। दयाल आश्रम ट्रस्ट, दुर्गा महिला संकीर्तन मंडल और जय माता दी समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह महोत्सव तपोमूर्ति ब्रह्मलीन सती बाबा दयाल शाह महाराज एवं सती बाबा भानशाह जी महाराज की पुण्यतिथि की स्मृति में महाशिवरात्रि के अवसर पर मनाया जाता है। यह उत्सव इस वर्ष 474वां है और एक सप्ताह तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा।















