मुजफ्फरनगर। चार दिन पूर्व रेलवे लाइन पर मृत पाए गए ब्राह्मण समाज के युवक शिवम उपाध्याय की मौत के मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए राष्ट्रीय सामाजिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी ने कमर कस ली है। परिवार के लोगों ने उनसे मुलाकात कर अपनी पीड़ा व्यक्त की, जिसके बाद उन्होंने हर संभव मदद का आश्वासन दिया और थाना प्रभारी से मामले की गहन जांच की मांग की। पुलिस ने परिवार के सदस्यों से मिलकर छानबीन शुरू कर दी है और कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष चौधरी ने मीडिया को बताया कि 14 फरवरी की शाम को थाना सिविल लाइन क्षेत्र में रेलवे लाइन पर शिवम उपाध्याय का शव मिला था। पीड़ित परिवार को संदेह है कि युवक की हत्या की गई है, लेकिन पुलिस इसे आत्महत्या का मामला बता रही थी और कोई मदद नहीं कर रही थी। मनीष चौधरी ने थाना प्रभारी से बातचीत कर जांच की मांग की, जिसके बाद सूजडू चौकी इंचार्ज सत्येंद्र कुमार को भेजकर मामले की छानबीन शुरू कराई गई। उन्होंने मांग की है कि परिवार के संदेह के आधार पर मृतक की बाइक और अन्य सामान पुलिस बरामद करे तथा उसकी मौत की सच्चाई सामने लाए। यदि पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करती है, तो वे पीड़ित परिवार के साथ आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे और एसएसपी व अन्य उच्च अधिकारियों तक यह मामला पहुंचाएंगे।
मृतक शिवम के भाई राजदीप उपाध्याय ने बताया कि 14 फरवरी को संधावली अंडरपास के पास उनके भाई का शव मिला था। पुलिस वंदे भारत ट्रेन से दुर्घटना में मौत होने का दावा कर रही है और इसे आत्महत्या बता रही है, लेकिन उन्हें शक है कि यह हत्या है। शिवम की बाइक, बैग और मोबाइल फोन भी अब तक बरामद नहीं हुए हैं। उन्होंने थाने में अपनी तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन थाना प्रभारी ने धमकाकर भगा दिया। परिवार चाहता है कि शिवम की मौत की निष्पक्ष जांच हो, ताकि सच्चाई सामने आ सके। पुलिस की अनदेखी के बाद जब उन्होंने समाजसेवी मनीष चौधरी से संपर्क किया, तो उन्होंने तुरंत हस्तक्षेप कर पुलिस को कार्रवाई के लिए मजबूर किया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से जानकारी ली और छानबीन शुरू कर दी। परिवार की मांग है कि उनकी तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जाए और न्याय दिलाया जाए।
इस दौरान प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी के साथ गगनदीप उपाध्याय, अमरजीत, ब्रजेश दूबे, जगदीश, गोविंद, रमाशंकर, शुभम, नित्य कुमार, कृष्णा, लवकुश, लोकेश, गोपाल शर्मा, राजदीप, गगनदीप, अशोक कुमार सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।















