औरैया।गेल इंडिया लिमिटेड कंप्रेसर स्टेशन, दिबियापुर में संरक्षा क्षमता महोत्सव का आयोजन किया गया। इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य ऊर्जा संरक्षण के माध्यम से देश को आगे बढ़ाना, पर्यावरण संतुलन बनाए रखना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना था। इसी संदेश को फैलाने के लिए लोगों ने परिवार सहित पैदल भ्रमण किया।
गेल इंडिया लिमिटेड के परियोजना निदेशक अजय त्रिपाठी ने कार्यक्रम के दौरान सभी से अपील की कि वे स्वस्थ रहने के लिए नियमित रूप से पैदल चलें और ईंधन की बचत के लिए वाहनों का कम से कम उपयोग करें। उन्होंने कहा कि यदि हम नियमित व्यायाम करें और पैदल चलने को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, तो हम बीमारियों से बच सकते हैं और हमारा स्वास्थ्य बेहतर रहेगा। साथ ही, इससे ईंधन की भी बचत होगी और पर्यावरण संतुलित बना रहेगा, जिससे हम स्वच्छ और खुली हवा में सांस ले सकेंगे।
अजय त्रिपाठी ने यह भी कहा कि लगातार ईंधन के बढ़ते उपयोग से वायु प्रदूषण बढ़ रहा है, जिससे अगली पीढ़ी स्वच्छ हवा में सांस नहीं ले पा रही है। ऐसे में, सभी को पैदल चलने की आदत डालनी चाहिए ताकि पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सके।
इस अवसर पर गेल कंप्रेसर के मुख्य महाप्रबंधक जितेंद्र पाठक, आवासीय निर्माण प्रबंधक ईआईएलपी के अग्रवाल, गेल और ईआईएल के वरिष्ठ अधिकारी, सहकर्मी एवं उनके पारिवारिक सदस्य उपस्थित रहे।















