राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ऑपरेशन एंटी वायरस अभियान के तहत डीडवाना जिले की पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के सभी थानों और साइबर सेल की टीम ने गुम और चोरी हुए 101 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी बाजार कीमत लगभग 21 लाख रुपए है। ये मोबाइल राजस्थान समेत कई अन्य राज्यों से ट्रेस किए गए।
आज जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी हनुमान प्रसाद मीणा ने बरामद मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सुपुर्द किए। इस अवसर पर एसपी मीणा ने बताया कि अभियान के तहत CEIR पोर्टल की मदद से पुलिस ने विशेष अनुसंधान कर मोबाइल फोन ट्रेस किए। इससे पहले भी अभियान के तहत 153 मोबाइल बरामद किए जा चुके हैं।
CEIR पोर्टल के बारे में जानकारी देते हुए एसपी मीणा ने बताया कि यह दूरसंचार विभाग का नागरिक केंद्रित पोर्टल है, जो मोबाइल उपकरणों को उनके आईएमईआई नंबर के जरिए ट्रैक और प्रबंधन करने के लिए विकसित किया गया है। अगर किसी व्यक्ति का मोबाइल गुम हो जाता है, तो वह पोर्टल पर अपना आईएमईआई नंबर दर्ज कर उसे ब्लॉक करवा सकता है। बरामद होने के बाद पोर्टल पर रिक्वेस्ट भेजकर मोबाइल को पुनः अनब्लॉक किया जा सकता है।
लोगों ने लंबे समय बाद अपने मोबाइल फोन पाकर खुशी जाहिर की और पुलिस की सराहना की।















