डीडवाना,राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने डीडवाना नगर में बाल पथ संचलन का आयोजन किया, जिसमें नगर की विभिन्न बस्तियों से सैकड़ों विद्यार्थी और स्वयंसेवकों ने भाग लिया। संचलन की शुरुआत स्थानीय पंडित बछराज व्यास आदर्श विद्या मंदिर से हुई, और यह अजमेरी गेट, नागोरी गेट, मालियान मार्केट, फवारा सर्कल होते हुए गोपाल गौशाला तक गया।

संचलन के दौरान संघ के ज़िला संघचालक रामावतार सराफ ने कहा कि संघ की शाखाएं संस्कारों का केंद्र हैं, जहां एक घंटे की शाखा में विविध गतिविधियों के माध्यम से युवा पीढ़ी का सर्वांगीण विकास किया जाता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में संघ के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ा है, और यह आने वाले भारत के लिए शुभ संकेत है।इस अवसर पर जिला प्रचारक अशोक विजय ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को ‘पराक्रम दिवस’ के रूप में मनाने पर भी जोर दिया, और कहा कि नेताजी का योगदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में अतुलनीय है।बाल पथ संचलन में 5 से 15 वर्ष तक के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नन्हे स्वयंसेवक अपनी पूर्ण गणवेश में आकर्षण का केंद्र बने, और उनका स्वागत विभिन्न सामाजिक संगठनों और मातृ शक्ति द्वारा पुष्प वर्षा के साथ किया गया।















