विकासनगर। जौनसार-बावर में जगह-जगह पहाड़ दरकने से 22 मोटर मार्ग पर यातायात बाधित है। बंद मार्गों में लोनिवि चकराता के राज्य मार्ग समेत पांच, पीएमजीएसवाई कालसी के छह, लोनिवि साहिया के 11 मोटर मार्ग शामिल हैं। बंद मार्गों के कारण सौ के करीब गांवों के ग्रामीणों की दिनचर्या पूरी तरह से प्रभावित है।
रास्ते बंद होने से नकदी फसलें खेतों में सड़ने लगी हैं, जो किसान उपज मंडी पहुंचाने के लिए वाहनों में भरवाते हैं, उसकी गुणवत्ता भी खराब होने से किसानों को मंडियों में भाव अच्छे नहीं मिल रहे हैं। जिससे किसान को भारी नुकसान पहुंच रहा है।
लोनिवि चकराता का चकराता लाखामंडल राज्य मार्ग जखधार के पास मलबा आने से बंद हो गया। लोनिवि साहिया का 25 जुलाई से बंद काहा नेहरा पुनाहा, शहीद सुरेश तोमर गास्की मोटर मार्ग रविवार को भी नहीं खुल पाया। 26 जुलाई को बंद मसूरी चकराता से गोई छनास मोटर मार्ग भी नहीं खुल पाया है।
शनिवार को बंद बिजऊ कोफ्टी जोशी गांव बडनू दातनू मोटर मार्ग, बैराटखाई जंदेऊ मोटर मार्ग, समरजेंस मोटर मार्ग, शंभू की चौकी पंजिया बनसार मोटर मार्ग, डयूडीलानी ठलीन सकरोल मोटर मार्ग, ठलीन बडैथ पिनगिरी मोटर मार्गों पर भी दूसरे दिन भी यातायात सुचारू नहीं हो पाया है। लेल्टा पाटा मंडोली मोटर मार्ग किमी तीन व चार पर दो स्थानों पर भारी मलबा आने से यातायात ठप है। सराड़ी मोटर मार्ग किमी चार पर बंद है।















