भास्कर न्यूज़ उत्तर प्रदेश उत्तराखंड
शामली थानाभवन। बाजारों में हाईवे पर लगे अतिक्रमण को लेकर व्यापारियों ने भरी हुंकार, डीएम व एसएचओ को दिया शिकायती पत्र। नगर के मुख्य बाजारों व हाईवे पर बड़ी संख्या में लोगों द्वारा अतिक्रमण कर रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया है। जिसके चलते रास्ते से गुजरना लोगों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बना हुआ है। मामले को लेकर नगर के व्यापारियों ने जिलाधिकारी व थाना प्रभारी निरीक्षक को शिकायती पत्र देकर अतिक्रमण हटवाने की मांग की है। सोमवार को नगर के व्यापार मंडल पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष सुधीर गर्ग, सभासद वकील अंशुल गर्ग, लाला राधेश्याम, रमेश चंद, कवर सैन, नंद लाल, सोनू, आमिर, विकास आदि व्यापारी थानाभवन थाने पहुचे। व्यापारियों ने थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार को शिकायती पत्र दिया कि नगर के मुख्य मार्ग व मुख्य बाजार में बड़ी संख्या में अतिक्रमण लगाया गया है जिसके चलते चौड़ी सड़क भी संकरी गली में तब्दील हो गई है। वहीं मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से टैक्सी में चलने वाले वाहनों की भीड़ प्रातः से ही सड़क किनारे लग जाती है। गाड़ियों में गैस किट होने के साथ-साथ बहुत से वाहन बिना परमिट बिना सभी कागजात के अवैध रूप से टैक्सी में गाड़िया चलाते हैं। जो लोगों के जीवन से खिलवाड़ कर रहे हैं। व्यापारियों ने सड़क किनारे अतिक्रमण कर रहे ऐसी गाड़ी चालकों व अतिक्रमण कार्यों को हटाने की मांग की।















