मेरठ। गंगा एक्सप्रेस-वे के किनारे औद्योगिक गलियारा विकसित करने के लिए किसान लगातार अपनी भूमि का बैनामा करा रहे हैं। मंगलवार को जिला प्रशासन ने कुल 85.44 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किसानों से सीधे जमीन की खरीद कर किया।इस तरह से कुल 213 हेक्टेयर जमीन में 40 प्रतिशत जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया मेरठ में पूरी कर ली गई है। औद्योगिक गलियारे के लिए जमीन का अधिग्रहण करने में मेरठ जिला पहले नंबर पर है।
825 किसानों की जमीन की जाएगी अधिग्रहित
अधिग्रहण प्रक्रिया के अंतर्गत 825 किसानों से कुल 213 हेक्टेयर जमीन की खरीद की जाएगी। अभी तक 216 किसानों ने 57 बैनामे कराकर जिला प्रशासन को अपनी जमीन दे दी है। किसानों को कुल जमीन के बदले करीब 750 करोड़ रुपये के मुआवजे का भुगतान किया जाएगा।
शासन ने मुआवजे के लिए पहले 50 करोड़ और अब सप्ताह भर पहले 300 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। तहसीलदार शैलेंद्र कुमार ने बताया कि एक माह से भी कम समय से 40 प्रतिशत जरूरी जमीन का अधिग्रहण दोनों गांवों में कर लिया गया है।























































