सहारनपुर, चिलकाना। खेत में गए एक युवक की पानी के कुंड में डूबने से मौत हो गई। काफी मशक्कत के बाद उसके शव को बाहर निकाला जा सका। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे सुल्तानपुर के मोहल्ला कोठी वाला निवासी राजकुमार उर्फ राजू का पुत्र अरविंद (30) सुल्तानपुर धौलाहेड़ी मार्ग स्थित डबल पुलिया के पास बरसात में बने पानी से भरे कुंड के पास घूम रहा था। इसी दौरान पैर फिसलने से अरविंद कुंड में गिर गया। आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने अरविंद को पानी में गिरते देखा, तो शोर मचा दिया। लोगों ने उसके घर वालों को सूचना दी। सूचना मिलते ही चिलकाना थाना प्रभारी कपिल देव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने करीब बीस फीट गहरे कुंड से अरविंद को निकालने का प्रयास किया, लेकिन सभी प्रयास गहरे पानी के कारण विफल हो गए।
गोताखोर भी नहीं मिले तो मछली पकड़ने वाले दो लोगों ने मछली पकड़ने के कांटे कुंड में डाले। अरविंद के कपड़े कांटे में फंसने के बाद उसे बाहर निकाल लिया गया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। अरविंद रंग करने वालों के साथ काम करता था। उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें एक लड़का तथा दो लड़की है। तीनों बच्चे छोटे हैं। पत्नी भी लकवाग्रस्त है।
थाना प्रभारी कपिल देव ने बताया कि मृतक की पत्नी रूमा देवी ने तहरीर देकर डूबने से पति की मौत होना बताया है।
लापरवाही के चलते हो रहे हादसे
चिलकाना। सुल्तानपुर धौलाहेड़ी मार्ग पर गत वर्ष जुलाई माह में मसखरा नदी में तेज पानी आने से डबल पुलिया के पास मुख्य सड़क मार्ग टूट गया था। लोक निर्माण विभाग ने कुछ माह बाद टूटी हुई सड़क में सीमेंट के पाइप डालकर सड़क मार्ग को तो चालू कर दिया था। लेकिन सड़क के दोनों तरफ तेज पानी के बहाव से बने कुंडों को नहीं भरा गया। न ही सड़क की मरम्मत की गई। टूटी हुई सड़क के किनारे बने इन कुंडों में कई वाहन गिर चुके हैं, जिन्हें क्रेन के द्वारा ही बाहर निकाला जा सका है। इन हादसों के बाद भी लोनिवि अधिकारियों की नींद नहीं टूटी। इन कुंडों को बंद कराने काम नहीं किया है। अब बारिश के दौरान इन कुंडों में पानी भर गया है। जिसमें डूबने से युवक की मौत हो गई।















