मुजफ्फरनगर में सौर ऊर्जा नीति 2022 के तहत पीएम कुसुम योजना घटक सी-1 के अंतर्गत किसानों के कृषि विद्युत सिंचाई पंपों का सोलराईजेशन किया जा रहा है। इस योजना में किसानों को 90 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है, जबकि अनुसूचित जनजाति, वनटांगिया और मुसहर जाति के किसानों को 100 प्रतिशत अनुदान के साथ सोलर पंप लगाए जा रहे हैं। केंद्र सरकार 30 प्रतिशत और राज्य सरकार 60 प्रतिशत तक का अनुदान प्रदान कर रही है। किसानों को केवल 10 प्रतिशत अंशदान देना होगा। योजना के अंतर्गत 3 एचपी, 5 एचपी और 7.5 एचपी क्षमता तक के निजी मीटर्ड सिंचाई पंपों को ऑनग्रिड सोलर संयंत्र से जोड़ा जाएगा, जिससे दिन के समय बिजली की उपलब्धता के बिना भी सिंचाई संभव होगी। यदि किसान किसी दिन पंप नहीं चलाते हैं, तो उत्पादित बिजली ग्रिड को जाएगी और उन्हें प्रति यूनिट 3 रुपये का भुगतान किया जाएगा। इससे किसानों की आमदनी में इजाफा होगा और देश को स्वच्छ ऊर्जा के माध्यम से कार्बन उत्सर्जन कम करने में सहयोग मिलेगा। आवेदन यूपीनेडा के पोर्टल www.upnedakusumc1.in पर किए जा सकते हैं। पंजीकरण निःशुल्क है और चयन “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर होगा।























































