मुजफ्फरनगर। तहसील सदर के अंतर्गत विकास खंड बघरा परिसर में प्रदेश सरकार के नव निर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाना और लाभार्थियों को सम्मानित करना रहा। इस दौरान महिला सुरक्षा, गरीब कल्याण योजना, किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री सुमंगला योजना तथा आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, जिससे अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी द्वारा की गई। इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि गौरव चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। पांच किसानों को मिनी किट वितरित किए गए, जिससे कृषि कार्य को बढ़ावा मिल सके। इसके अलावा पांच लाभार्थियों को शौचालय स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए, जिससे स्वच्छता अभियान को मजबूती मिले। स्वयं सहायता समूह की पांच महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले सफाई कर्मियों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास विभाग, कृषि विभाग, पंचायत राज विभाग तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से आम नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और उन्हें जागरूक किया गया। अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और मौके पर ही समाधान का प्रयास किया।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी प्रवीण कुमार, वीडियो जयवीर सिंह, एडीओ कृष्णा कुमार श्रीवास्तव, एडीओ विकास कुमार संहिता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। यह आयोजन सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।















