बुढ़ाना ,जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक देहात आदित्य बंसल की अध्यक्षता में तहसील बुढ़ाना सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान राशन कार्ड, भूमि विवाद, नगर पालिका, आरएम रोडवेज, नगर पंचायत, श्रम विभाग, पेंशन, विद्युत विभाग और सड़क संबंधी शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विगत माह आईजीआरएस और संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के असंतोषजनक निस्तारण के कारण जनपद की रैंकिंग प्रभावित हुई है। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतों को कंप्यूटर पर अपलोड करने से पहले उन्हें ठीक से पढ़ा जाए और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या शिकायत पेंडिंग पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 81 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अधिकारी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करें और तय समय सीमा में निष्पक्षता व पारदर्शिता के साथ समाधान सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी बुढ़ाना राजकुमार भारती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील तेवतिया, तहसीलदार बुढ़ाना महेंद्र सिंह यादव, उपनिदेशक कृषि, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।















