मुजफ्फरनगर। जीनस पेपर एंड बोर्ड्स लिमिटेड, यूनिट मुजफ्फरनगर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कंपनी के तकनीकी निदेशक ओ.डी. शर्मा ने ध्वजारोहण कर की। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। इसके पश्चात देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत ‘वंदे मातरम्’ का सम्मानपूर्वक गायन किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान परिसर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रीय भावना से गूंजता रहा।
कार्यक्रम का संचालन महाप्रबंधक मानव संसाधन एवं प्रशासन रविंद्र कुमार शर्मा ने किया। इस अवसर पर कंपनी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को उनके सराहनीय योगदान, मेहनत और कार्य के प्रति समर्पण के लिए पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके कार्यों की सराहना की गई तथा अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जीनस परिवार की ओर से पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष पहल भी की गई। कंपनी परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान करीब 150 पौधे लगाए गए। साथ ही पौधों के संरक्षण और उनके उचित पालन-पोषण का संकल्प लिया गया। कंपनी प्रबंधन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है और हरित परिसर के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में जी.सी. कोठारी, कमर्शियल हेड, आर.पी. सिंह, अमरीश पांडे, नरेंद्र कुमार ताया, कैलाश धीमान सहित जीनस परिवार के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन देश की एकता, अखंडता, प्रगति और समृद्धि के लिए संकल्प के साथ हुआ। स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रप्रेम के साथ सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण की भावना भी स्पष्ट रूप से दिखाई दी।


























































