बिहार विधानसभा के बजट सत्र के शुरुआत के साथ ही नीतीश कुमार की कैबिनेट का विस्तार हो सकता है. मिली जानकारी के अनुसार चुनावी साल को देखते हुए अब जल्द ही बिहार मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है.बताया जा रहा है कि बीजेपी के कोटे से कुछ नए चेहरों को मंत्रिमंडल में मौका मिल सकता है. वहीं इस बार कुछ मंत्रियों को हटाया भी जा सकता है. बता दें, बिहार विधानसभा सभा का बजट सत्र 28 फरवरी से शुरू होने वाला है. ऐसे में संभावना है कि 28 फरवरी के पहले ही मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा.
बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाला है. ऐसे में एनडीए सरकार जातीय समीकरण को साधने के लिए कैबिनेट के विस्तार का प्लान बनाया है, जिसके तहत नीतीश सरकार में कुछ विधायक मंत्री बन सकते हैं. जिन विधायकों के मंत्री बनने की संभावना है, उसमें संजय सरावगी, राजू सिंह, अवधेश पटेल , जीवेश मिश्रा या अनिल शर्मा, तार किशोर प्रसाद या पवन जायसवाल का नाम शामिल है. प्राप्त जानकारी के मुताबिक महाशिवरात्रि होने के चलते संभावित मंत्रियों का शपथ ग्रहण गुरुवार को यानी कि 27 फरवरी को हो सकता है.
कल अचानक JP नड्डा से मिलने पहुंचे थे CM
बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए एनडीए और महागठबंधन दोनों ओर से तैयारी तेज कर दी गयी है. बिहार में पीएम मोदी से लेकर राहुल गांधी समेत तमाम दिग्गज नेताओं का दौरा हो रहा है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी पिछले 2 दिनों से बिहार में थे. इस दौरान जेपी नड्डा ने बीजेपी के नेताओं संग महत्वपूर्ण बैठक की. वहीं बुधवार को सीएम नीतीश कुमार भी अचानक जेपी नड्डा से मिलने स्टेट गेस्ट हाउस पहुंच गए थे. बताया जा रहा है कि इन बैठकों के बाद ही बिहार में कैबिनेट विस्तार की खबर पर मुहर लगती दिख रही है.
मंत्री पद छोड़ सकते हैं दिलीप जायसवाल
बता दें, फिलहाल 30 सदस्यों वाले बिहार मंत्रिमंडल में बीजेपी कोटे से 2 डिप्टी सीएम समेत 15 मंत्री हैं. फिलहाल बीजेपी कोटे से राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल मंत्री के साथ-साथ बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं. ऐसे में पार्टी के एक व्यक्ति, एक पद के सिद्धांत के तहत दिलीप जायसवाल मंत्री पद छोड़ सकते हैं. वहीं विधानसभा चुनाव की तैयारियों और एनडीए नेताओं के साथ होने वाली अलग-अलग बैठकों में शामिल होने की वजह से व्यस्तता को देखते हुए दिलीप जायसवाल नीतीश कैबिनेट से इस्तीफा दे सकते हैं.
इन चेहरों को मिल सकता है मौका
नीतीश कैबिनेट में बीजेपी के जिन विधायकों को मौका मिला है उसमें कृष्ण कुमार मंटू, संजय सरावगी, राजू सिंह, जीवेश मिश्रा, विजय मंडल, सुनील कुमार, मोती लाल प्रसाद नाम शामिल हैं. बता दें, फिलहाल जदयू की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ 13 मंत्री हैं. हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) को एक पद मिला है. हम प्रमुख संतोष मांझी स्वयं दो विभाग के मंत्री हैं, जबकि एक निर्दलीय विधायक सुमित कुमार सिंह भी नीतीश मंत्रिमंडल का हिस्सा हैं. जिन मंत्रियों के पास दो-दो विभाग हैं, उनसे एक विभाग लिया जा सकता है.















