मुजफ्फरनगर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत थाना बुढ़ाना पुलिस ने रात को एक बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने कांधला-बुढ़ाना मार्ग पर गैस गोदाम से ग्राम विज्ञाना जाने वाले मार्ग पर शातिर पशुचोरों के एक गिरोह को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि बदमाश विज्ञाना मार्ग पर एक खाली प्लॉट में डकैती की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों को घेर लिया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिससे एक बदमाश घायल हो गया। अन्य चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने अभियुक्तों से 01 पिकअप और अवैध शस्त्र बरामद किए। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया, और गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्यवाही की जा रही है।















