बांदा। एसपी पलाश बंसल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में कोतवाली नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ट्यूबवेल से मोटर, पाइप व केबल चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है।आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल भी बरामद हुआ है।मामला कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के मवई बुजुर्ग गांव का है। यहां के निवासी अनुरुद्ध प्रताप ने 2 जुलाई को थाने में तहरीर दी थी कि 28 जून की रात अज्ञात चोरों ने उनके ट्यूबवेल का ताला तोड़कर मोटर स्टार्टर, लोहे की पाइप, केबल तार आदि चुरा लिए और सिंचाई वाले पाइप में आग लगा दी थी।पुलिस ने केस दर्ज कर टीम गठित की। 3 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक मवई चौराहे के पास कबाड़ की दुकान पर लोहे की पाइप बेचने की बात कर रहे हैं। पुलिस ने तुरंत दबिश देकर चारों को मौके से पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपी सुमित पुत्र संतोष – खरेही खप्टिहाकलां, पैलानी,रामबाबू पुत्र सभाजीत मवई बुजुर्ग, कोतवाली नगर, हरिशंकर पुत्र दिलीप मवई बुजुर्ग, कोतवाली नगर,व पप्पू पुत्र विजय किशोर मवई बुजुर्ग, कोतवाली नगर के निवासी हैं। पुलिस ने 3 लोहे की डिलीवरी पाइप, 1 लोहे की फ्रेम, 1 सरिया की सीढ़ी, 20 फीट केबल तार चोरी का माल बरामद किया है।आरोपियों ने जुर्म कबूल किया। बताया कि वे रात में घूमकर लावारिस सामान या बंद मकानों को निशाना बनाते थे। केबल से तांबा निकालने के लिए उसे जलाते थे। पुलिस अब इनके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य चोरियों की जांच कर रही है।















