रूस के मोलडवा की रहने वाली टटियाना जायसवाल ने पति नीरज के साथ बिलसंडा में मतदान किया। बीते लंबे समय से पति के साथ यहां रहते हुए उनको नागरिता मिली है। मतदान के बाद टटियाना ने बताया कि उनको लगता पीलीभीत अभी विकास से पीछे है।यहां विकास होना चाहिए। उन्होंने अपना मत विकास के मुद्दे और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर किया है। उन्होंने अन्य लोगों से भी इन्हीं मुद्दों पर मतदान की अपील की है।
पीलीभीत-बहेड़ी में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में मतदान हो रहा है। इसे लेकर मतदाताओं में गजब का उत्साह है। दोपहर एक बजे तक 38.49 फीसदी मतदान हो चुका था। शुक्रवार को सुबह सात बजे मतदान शुरू होते ही पोलिंग बूथों पर कतार लग गईं। बड़े-बुजुर्ग, युवा और महिलाओं ने पहले मतदान किया, फिर जलपान किया। लोकतंत्र के महापर्व में जनता के साथ जनप्रतिनिधियों और अफसरों ने भी मतदान कर अपनी जिम्मेदारी निभाई। बहेड़ी में नगर पालिका अध्यक्ष रश्मि जायसवाल ने नगर पालिका परिसर के पिंक बूथ पर मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने फोटो खिंचवाई। लोगों से मतदान की अपील भी की।
सपा ने एक्स पर मुरादाबाद लोकसभा के ठाकुरद्वारा में बूथ संख्या 381, 382, 383 पर विशेष धर्म के लोगों को धमकाने का आरोप लगाया। कहा कि इसमें भाजपा के लोग शामिल हैं और चुनाव आयोग से संज्ञान लेने को कहा। उधर, इसका जवाब देते हुए डीएम मुरादाबाद के हैंडल से बताया गया कि सहायक रिटर्निंग अधिकारी 26 ठाकुरद्वारा के मुताबिक बूथ संख्या 381, 382, 383 पर कोई असामाजिक तत्व उपस्थित नहीं है। मतदान केन्द्रों पर शांतिपूर्ण व निष्पक्ष तरीके से प्रक्रिया चल रही है।
पीलीभीत -37.98
बरखेड़ा -38.95
पुरनपुर -40.23
बीसलपुर -35.5
बहेड़ी – 39.72
कुल प्रतिशत -38.49
हस्तिनापुर विधान सभा में 1.30 बजे तक 25 से 30 प्रतिशत मतदान हुआ है। मुस्लिम बूथों पर भीड़ लगी है। हिंदू बूथों पर मतदान काफी कम हो रहा है। हिंदू मतदाताओं में उत्साह नहीं दिख रहा है।
बिजनौर सीट पर 36.08 फीसदी
कैराना सीट पर 37.92 प्रतिशत
मुरादाबाद सीट पर 35.25 फीसदी
मुजफ्फरनगर सीट पर 34.51 प्रतिशत
नगीना सीट पर 38.28 फीसदी
पीलीभीत सीट पर 38.51 फीसदी मतदान
रामपुर सीट पर 32.86 प्रतिशत वोटिंग
सहारनपुर सीट पर 42.32 फीसदी वोटिंग
सपा विधायक मनोज पारस ने नगीना के हिन्दू इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर अपने परिवार संग मतदान किया।
बिजनौर लोकसभा क्षेत्र के गांव हिम्मतपुर बेला और रामसाहए वाला में लोगों ने चुनाव का बहिष्कार कर दिया है। बिजनौर के दोनों गांव गंगा के दूसरी ओर हैं। कहना है कि उनके गांव तक अभी तक विकास नहीं पहुंचा है, इस चलते उन्होंने चुनाव का बहिष्कार किया है। फिलहाल गांव में तहसीलदार पहुंच रहे हैं, जो कि लोगों से वोट की अपील कर रहे हैं, लेकिन ग्रामीण मानने को तैयार नहीं हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रथम चरण के मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथों) की सेंट्रल कमांड सेन्टर/कन्ट्रोल रूम के माध्यम से वेबकास्टिंग के द्वारा की जा रहीं निगरानी का अवलोकन किया। वहीं, यूपी डीजीपी प्रशांत कुमार ने लोकसभा सामान्य निर्वाचन- 2024 के दृष्टिगत पुलिस मुख्यालय में बनाए गए कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया।
कैराना से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी इकरा हसन ने कहा कि जनता बदलाव चाहती है। भाजपा का 400 का नारा हवा हवाई साबित होगा। यहां पर स्थानीय समस्याएं हैं। सबसे बड़ी समस्या रोजगार की है। जनता में एक चुप्पी है। जो बदलाव की ओर इशारा कर रही है। कुछ स्थानों पर ईवीएम देर से शुरू हुई है। उनकी शिकायत की गई है।पीलीभीत के बहेड़ी के सपा विधायक अताउर रहमान अपने परिवार के साथ मतदान करने पहुंचे। उन्होंने रिछा के प्राइमरी स्कूल में मतदान किया। इसके बाद स्याही का निशान दिखाते हुए लोगों से मतदान की अपील की।
समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि कैराना लोकसभा में थाना भवन के ग्राम मसावी के बूथ संख्या 172 पर लगभग 1500 मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब हैं। सहारनपुर लोकसभा के सहारनपुर नगर में बूथ संख्या 270 पर धीमी गति से मतदान चल रहा है। बूथ के मुस्लिम बाहुल्य होने के कारण प्रशासन मतदान की गति को प्रभावित कर रहा है।
सपा ने आरोप लगाया कि सहारनपुर लोकसभा के जे.वी. इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 58, 62 और 73 पर प्रशासन पर्ची चेक करके भी सपा के मतदाताओं को वोट डालने नहीं दे रहा है। साथ ही विकलांग/ दिव्यांग व्यक्ति के साथ किसी को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा। रामपुर लोकसभा के बिलासपुर में बूथ संख्या 52 पर भाजपा समर्थकों द्वारा बूथ पर कब्ज़ा किया जा रहा है, सपा के वोटरों को भगाया जा रहा है। सपा ने चुनाव आयोग से संज्ञान लेने और निष्पक्ष मतदान मतदान की मांग की है।
शामली के जलालाबाद में राष्ट्रीय लोकदल विधायक अशरफ अली खान ने अपने बूथ पर पहुंचकर मतदान किया। विधायक ने कहा कि कैराना लोकसभा सीट गठबंधन प्रत्याशी भारी मतों से जीत रहा है।शामली के चौसाना के नाई नांगला नवीन में सुबह ग्यारह बजे तक 40 प्रतिशत मतदान हुआ। गांव अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र की श्रेणी में आता है। जहां एहतियातान पैरामिलिट्री को सुरक्षा के लिहाज से लगाया गया है। नाई नांगला नवीन में बूथ संख्या 103 में 255 और 104 पर 290 वोट पड़ी। जो कुल 40 प्रतिशत बना है। सुरक्षा के लिहाज से भारी पुलिस फोर्स मौजूद रहा।
रामपुर के रजा डिग्री कॉलेज में सपा प्रत्याशी मौलाना मोहिब्बुल्लाह नदवी पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए भड़क गए। उन्होंने कहा कि एक दर्जन से ज्यादा पुलिस की शिकायतें मिली हैं, वोट ना डालने देना लोकतंत्र का कत्ल होगा। इस तरह तो इलेक्शन कमीशन से जनता का विश्वास उठ जाएगा।
पीलीभीत में बीसलपुर के गांव वेदखेड़ा के मतदान केंद्र पर सपा के अभिकर्ता और उसके पिता, भाई को डंडे से पीटने के विरोध में ग्रामीणों ने मतदान केंद्र के बाहर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने पुलिस पर पीटने का आरोप लगाया। ग्रामीणों के प्रदर्शन के चलते मतदान केंद्र पर करीब आधा घंटे तक मतदान कार्य बाधित रहा। पुलिस ने अभिकर्ता और उसके पिता को हिरासत में ले लिया है।
कैराना लोकसभा से समाजवादी पार्टी प्रत्याशी इकरा हसन मतदान करने पहुंचीं। बता दें कि इस सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा के प्रदीप चौधरी, सपा की इकरा हसन, बसपा के श्रीपाल राणा के बीच है। हालांकि 11 अन्य प्रत्याशी भी प्रमुख दलों का गणित बिगाड़ सकते हैं। मतदान के लिए शामली और सहारनपुर जिले की पांच विस सीटों के लिए 893 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जबकि 1750 बूथ हैं। शांतिपूर्वक मतदान के लिए पुलिस और प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हुए हैं।
बिजनौर के स्वाहेड़ी खुर्द में नेत्रहीन डॉक्टर सुखबीर सिंह (80) अपने बेटे के साथ मतदान करने पहुंचे। मंडावली सैदू में 70 वर्षीय विकलांग बुजुर्ग भी व्हीलचेयर पर वोट डालने पहुंचीं। बुजुर्ग ने कहा कि मेरा वोट मेरी ताकत।नगर पंचायत न्यूरिया के वार्ड नंबर 4 की महिला सभासद सहित आधा दर्जन लोग चौराहे के कंपोजिट प्राइमरी विद्यालय में मतदान करने के बाद उमरा करने के लिए (मक्का मदीना) के लिए रवाना हुए।राज्यमंत्री संजय गंगवार ने पीलीभीत के राम लुभाई महिला डिग्री कॉलेज के मतदान केंद्र पर वोट डाला।
बुढ़ाना 19.8 %
चरथावल 23.62%
मुजफ्फरनगर 22.76%
खतौली 24.75 %
सरधना 22.67%
कुल 22.62%
पुरकाजी 24.1 %
मीरापुर 24.32%
कोतवाली देहात पहुंचे आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी और राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कई स्थानों पर ईवीएम खराब होने की शिकायत की है। अमर उजाला से खास बातचीत में चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि जोगीरामपुरी में भी मशीन खराब हुई है। उन्होंने अपनी जीत का दावा किया है। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि सत्तर प्रतिशत वोटों के साथ आजाद समाज पार्टी विजयी होगी।
कैराना लोकसभा सीट पर 11:00 बजे तक कैराना में मतदान 25.89 प्रतिशत हुआ। मेरठ के परीक्षितगढ़ ब्लॉक में शांतिपूर्वक मतदान जारी है। यहां 11:00 बजे तक 22 प्रतिशत मतदान हुआ है। सहारनपुर लोकसभा सीट पर 11 बजे तक 29.10% मतदान हुआ। नगीना लोकसभा में 11 बजे तक कुल मतदान 26.93 प्रतिशत रहा। बिजनौर लोकसभा में 11 बजे तक कुल मतदान 25.54 प्रतिशत रहा। 11:00 बजे तक सरधना विधानसभा में 22.67 प्रतिशत और हस्तिनापुर विधानसभा में 22.70 प्रतिशत मतदान हुआ।
शामली के चौसाना थाना इलाके के गढ़ी हसनपुर के मतदान केंद्र संख्या 92 और 93 पर मतदान करने से रोकने की जानकारी पर प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जानकारी ली। गढ़ी हसनपुर के बूथ संख्या पर 92 एवं 93 पर ग्रामीणों ने अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को मतदान करने से रोकने की शिकायत की। जिलानिर्वाचन ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई की और मौके पर पहुंचे सेक्टर मजिस्ट्रेट ने जानकारी ली। इस दौरान सब सामान्य रहा।
बिजनौर सीट पर 25.50 फीसदी
कैराना सीट पर 25.89 प्रतिशत
मुरादाबाद सीट पर 23.35 फीसदी
मुजफ्फरनगर सीट पर 22.62 प्रतिशत
नगीना सीट पर 26.89 फीसदी
पीलीभीत सीट पर 26.94 फीसदी मतदान
रामपुर सीट पर 20.71 प्रतिशत वोटिंग
सहारनपुर सीट पर 29.84 फीसदी वोटिंग
सहारनपुर के फतेहपुर थाना इलाके के गांव रसूलपुर कला में भाजपा के झंडे को नाली में फेंकने का आरोप पुलिस कर्मियों पर लगा है। इसको लेकर भाजपाइयों ने हंगामा खड़ा कर दिया। जिला पंचायत सदस्य और मंडल अध्यक्ष दुबे सिंह कांबोज ने फतेहपुर थाने में तैनात एक दरोगा और उसके दो साथी पुलिस कर्मियों पर बस्ते पर लगे भाजपा के झंडे उतार कर नाली में फेंकने का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग को शिकायत की है। इस दौरान ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों में जमकर तू-तू मैं-मैं भी हुई। मामला बिगड़ता देख फतेहपुर थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह समझा बुझा कर ग्रामीणों को शांत किया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि झंडा नाली में फेंकने का आरोप गलत है। मौके पर ज्यादा भीड़ जुटी हुई थी। उन्हें हटाने का प्रयास किया गया था।