शामली के थानाभवन नगर में बालाजी धाम परिसर में 20वां बालाजी जन्मोत्सव बड़े धूमधाम और श्रद्धा भाव के साथ मनाया गया। तीन दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

शोभायात्रा का शुभारंभ भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और एमएलसी मोहित बेनीवाल ने दीप प्रज्वलन कर तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने भगवान बालाजी की आरती कर किया। इसके बाद मंदिर दयाल आश्रम से शोभायात्रा प्रारंभ हुई, जिसमें विभिन्न धार्मिक झांकियां, बैंड-बाजे, डीजे और नासिक ढोल की धुनों के साथ नगर भ्रमण किया गया।
शोभायात्रा में भगवान बालाजी, शिव-पार्वती, श्रीराम दरबार, राधा-कृष्ण, भारत माता, माता रानी, खाटू श्याम और भगवान जगन्नाथ परिवार जैसी भव्य और आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। युवाओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर धार्मिक गीतों पर नृत्य किया और गुलाल खेलते हुए उत्सव को और भी रंगीन बना दिया।
नगर के मेन बाजार, बस स्टैंड, आजाद रोड, हकीमान मोहल्ला, शाहलाल, मुजावरान, टंकी रोड, नई घास मंडी सहित कई स्थानों पर नगरवासियों ने शोभायात्रा का पुष्प वर्षा और प्रसाद वितरण कर भव्य स्वागत किया।
जन्मोत्सव के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नव नियुक्त थानाभवन थाना प्रभारी निरीक्षक बिजेन्द्र सिंह रावत ने पीएसी बल और पुलिस टीम के साथ नगर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुरेश राणा, पूर्व चेयरमैन संजय कुमार शर्मा, पवन गौतम, महेश गोयल, संदीप मोगहा, कन्हैया सैनी, संजय कश्यप, उदित गोयल, अमित गोयल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।















