बांदा। अगर आपका मोबाइल कहीं खो गया है तो निराश होने की जरूरत नहीं है, बांदा पुलिस आपके चेहरे पर फिर से मुस्कान ला रही है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के चलाए जा रहे “मुस्कान अभियान” ने एक बार फिर कमाल कर दिया। साइबर क्राइम थाना और सभी थानों की साइबर टीमों की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने जनता के खोए हुए 111 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कीमत लगभग 20 लाख रुपये है। इसमें सबसे बड़ी सफलता साइबर क्राइम थाने की टीम को मिली, जिसने अकेले 80 फोन ट्रेस कर बरामद किए, जबकि अन्य थानों की साइबर टीमों ने 31 मोबाइल खोज निकाले।पुलिस लाइन सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज और सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ साइबर क्राइम मेविस टॉक ने सभी मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंपे। महीनों पहले खोया फोन वापस पाकर लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने बांदा पुलिस को दिल से धन्यवाद कहा। एसपी पलाश बंसल ने कहा की मुस्कान अभियान का मकसद जनता के खोए सामान को वापस दिलाकर उनके चेहरे पर मुस्कान लाना है। हम तकनीक का इस्तेमाल कर लगातार खोए मोबाइलों को ट्रेस कर रहे हैं। जनता से अपील है कि फोन खोने पर तुरंत नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं, बांदा पुलिस आपकी मदद के लिए हमेशा तैयार है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।























































