बाँदा। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के कुशल निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बिसंडा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को लगभग दस लाख रुपए की कीमत के आभूषणों सहित गिरफ्तार किया है।थाना बिसंडा क्षेत्र के ओरन निवासी रमाशंकर पुत्र देशराज ने 15 जुलाई 25 को तथा थाना क्षेत्र के रावथोक ओरन निवासी रानी पत्नी हरी नारायण ने 04 जुलाई 26 को अपने घर में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी किए जाने की सूचना दी थी। सूचना पर थाना बिसंडा में तत्काल अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्तों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गईं मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम बाघा गल्ला मण्डी के पास से अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने अपना जुर्म स्वीकार किया। गिरफ्तार अभियुक्त माताप्रसाद उर्फ भैरम पुत्र चुन्नु व सुमेर पुत्र भईयालाल निवासी देशराज का पुरवा मजरा ओरन थाना बिसंडा के निवासी हैं। पुलिस ने एक अंगूठी, एक जोड़ी झुमकी, एक चैन, एक मंगलसूत्र, एक बेसर, एक नाक कील पीली धातु,एक बिस्किट सफेद धातु, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन,एक तमंचा 315 बोर व 02 जिन्दा कारतूस, 8900 रुपए नगद बरामद किये हैं।बरामद आभूषणों की कीमत लगभग 10 लाख रुपए आंकी गई है।पुलिस ने बरामद माल को कब्जे में लेकर अभियुक्तों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जेल भेज दिया है। एसपी पलाश बंसल ने कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी है। चोरी की घटनाओं में लिप्त शातिरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जनता की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।















