राजस्थान के टोंक जिले में भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, पुलिस के कार से करीब 150 किलो अमोनियम नाइट्रेट मिला है।टोंक के डीएसपी मृत्युंजय मिश्रा ने कहा, “एक मारुति सियाज कार से विस्फोटक जब्त किए गए हैं। यूरिया की बोरियों में छिपाकर रखा गया 150 किलो अमोनियम नाइट्रेट जब्त किया गया। इसके अलावा, पुलिस ने 200 विस्फोटक बैटरियां और 1100 मीटर तार बरामद किया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एक सुरेंद्र है और दूसरा सुरेंद्र मोची है। जांच जारी है।
क्या-क्या हुए बरामद?
तलाशी के दौरान कार में यूरिया खाद के कट्टों में छुपाकर रखा गया करीब 150 किलो अमोनियम नाइट्रेट बरामद हुआ। इसके अलावा 200 डेंजर एक्सप्लोसिव कार्टेज और सेफ्टी फ्यूज वायर के 6 बंडल, कुल लगभग 1100 मीटर वायर भी जब्त किए गए।पुलिस के अनुसार अमोनियम नाइट्रेट का उपयोग हाल ही में हुए दिल्ली बम धमाके में भी किया गया था। इसी एंगल से यह जांच की जा रही है कि बरामद विस्फोटक सामग्री का कहीं उसी नेटवर्क से तो कोई संबंध नहीं है।
कौन हैं दो गिरफ्तार आरोपी?
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेंद्र पुत्र भंवरलाल (48), जाति पटवा, निवासी करवर थाना करवर जिला बूंदी और सुरेंद्र मोची पुत्र दुलीलाल (33), जाति मोची, निवासी करवर थाना करवर जिला बूंदी के रूप में हुई है।
पुलिस ने क्या कहा?
मामले को लेकर पुलिस उप अधीक्षक मृत्युंजय मिश्रा ने बताया कि आरोपियों से विस्फोटक सामग्री की सप्लाई, इसके स्रोत और संभावित उपयोग को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। पूरे नेटवर्क की जांच के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।















