मुजफ्फरनगर। माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुजफ्फरनगर के निर्देशानुसार आगामी 12 सितंबर 2026, द्वितीय शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत को सफल बनाने की तैयारियों को लेकर सोमवार को डॉ. सत्येन्द्र कुमार चौधरी, सिविल जज (सीडि.) एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के विश्राम कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन दीवानी न्यायालय परिसर मुजफ्फरनगर, बाह्य न्यायालय बुढ़ाना, ग्राम न्यायालय जानसठ, ग्राम न्यायालय खतौली तथा कलक्ट्रेट मुजफ्फरनगर में किया जाएगा। लोक अदालत में आपराधिक मामलों, धारा 138 एनआई एक्ट, बैंक रिकवरी, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिकाओं, टेलीफोन, बिजली एवं पानी के बिलों से संबंधित मामलों, वैवाहिक वाद, भूमि अधिग्रहण, राजस्व वाद तथा सिविल मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
बैठक में अधिकारियों से अधिक से अधिक लंबित मामलों को लोक अदालत में चिन्हित कर निस्तारण के लिए प्रस्तुत कराने तथा आमजन को राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ दिलाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान अपर जिला मजिस्ट्रेट मुजफ्फरनगर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर, मुख्य अभियंता (वितरण) सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।























































