मुजफ्फरनगर। जनपद में स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि पिछले दो दिनों में स्वाइन फ्लू का कोई नया मरीज सामने नहीं आया है। इसे राहत की बात बताते हुए उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार जांच एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।सीएमओ ने कहा कि स्वाइन फ्लू को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बेहद जरूरी है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि खांसी या छींक आने पर मुंह और नाक को रुमाल या टिश्यू से ढकें। नियमित रूप से साबुन और पानी से हाथ धोते रहें तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार मास्क का प्रयोग करें।
उन्होंने बताया कि बुखार, खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न करें और समय रहते चिकित्सक से परामर्श लें। बीमार व्यक्ति को पर्याप्त आराम करने के साथ अन्य लोगों से उचित दूरी बनाए रखनी चाहिए, ताकि संक्रमण फैलने का खतरा कम हो सके।सीएमओ ने लोगों को बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक या अन्य दवाओं का सेवन नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इस्तेमाल किए गए टिश्यू को खुले में न फेंकें और बार-बार आंख, नाक व मुंह को हाथों से छूने से बचें। घर और आसपास साफ-सफाई रखना भी संक्रमण से बचाव में महत्वपूर्ण है।उन्होंने दोहराया कि फिलहाल पिछले दो दिनों में कोई नया मामला सामने नहीं आया है, फिर भी लोगों को पूरी तरह सतर्क रहने की जरूरत है। स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।























































