मुजफ्फरनगर। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत स्वयं सहायता समूहों को बैंकिंग एवं ऋण सुविधाओं से जोड़ने के लिए 23 एवं 24 सितंबर को जनपद की संबंधित बैंक शाखाओं में दो दिवसीय वृहद मेगा कैंप आयोजित किया जाएगा। कैंप में स्वयं सहायता समूहों के अवशेष बैंक खाते खोलने तथा कैश क्रेडिट लिंकेज (सीसीएल) से जुड़े लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
मेगा कैंप की तैयारियों और बैंकवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा के लिए विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण की अध्यक्षता में समन्वय बैठक हुई। बैठक में खंड विकास अधिकारियों, सहायक विकास अधिकारियों, बैंक शाखा प्रबंधकों, क्षेत्रीय प्रबंधकों और जिला समन्वयकों के साथ लंबित मामलों की समीक्षा कर समयबद्ध निस्तारण की कार्ययोजना तय की गई।
समीक्षा में सामने आया कि स्वयं सहायता समूहों के 707 बैंक खाते खोले जाने के लिए लंबित हैं, जबकि 471 सीसीएल प्रकरण स्वीकृति अथवा निस्तारण के लिए अवशेष हैं। पंजाब नेशनल बैंक में सबसे अधिक 275 बैंक खाते और 142 सीसीएल प्रकरण लंबित पाए गए। भारतीय स्टेट बैंक में 107 खाते व 82 सीसीएल, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में 78 खाते व 52 सीसीएल तथा सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में 73 खाते व 47 सीसीएल प्रकरण लंबित हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने विकासखंड से संबंधित मामलों की शाखावार समीक्षा कर बैंक अधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए निस्तारण सुनिश्चित करें। बैंक शाखाओं को भी निर्देशित किया गया कि पत्रावलियों में कमी होने पर तत्काल संबंधित विभाग को अवगत कराएं, ताकि आवश्यक अभिलेख पूरे कराकर पात्र समूहों को लाभ दिया जा सके।
उन्होंने कहा कि मेगा कैंप को औपचारिक आयोजन के बजाय परिणामपरक अभियान के रूप में संचालित किया जाए। सेवा संकल्प अभियान सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य अधिकाधिक पात्र स्वयं सहायता समूहों को बैंकिंग और ऋण सुविधाओं से जोड़ना है। बैठक में उपायुक्त स्वत: रोजगार के.एन. पांडेय, अग्रणी जिला प्रबंधक सहित संबंधित अधिकारी और बैंक प्रतिनिधि मौजूद रहे।














