मुजफ्फरनगर। वैदिक पुत्री पाठशाला इंटर कॉलेज, नई मंडी में संचालित प्रवेश, प्रथम एवं द्वितीय सोपान स्काउट-गाइड शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर का संचालन ज्योति एवं साक्षी ने किया। शिविर में स्काउट एवं गाइड बच्चों को विभिन्न उपयोगी गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक सहायता, गांठ एवं बंधन, स्काउटिंग के नियम एवं प्रतिज्ञा, टीम भावना, अनुशासन तथा सेवा कार्यों की जानकारी दी गई। बच्चों ने शिविर में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई तकनीकों का प्रदर्शन किया। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में सहयोग, नेतृत्व, आत्मनिर्भरता और सेवा भावना विकसित करने पर जोर दिया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि आशीष द्विवेदी उपस्थित रहे। इस अवसर पर भारत स्काउट एवं गाइड जनपद मुजफ्फरनगर की जिला संस्था से जिला सचिव अनिल कौशिक, जिला संयुक्त सचिव किरण देवी, जिला गाइड कमिश्नर एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. राजेश कुमारी, जिला संगठन आयुक्त भारत भूषण अरोरा, अनुज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं प्रशिक्षक मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि और पदाधिकारियों ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए सेवा, अनुशासन, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रहित की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। शिविर के सफल आयोजन में प्रशिक्षकों, जिला संस्था के पदाधिकारियों और विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।














