मुजफ्फरनगर। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार राजनीतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार सोमेंद्र तोमर ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की जानकारी ली और अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।प्रभारी मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनभागीदारी के साथ सेवा, सुशासन और जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाए। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। कोई भी पात्र लाभार्थी योजनाओं से वंचित न रहे, इसके लिए अधिकारी और जनप्रतिनिधि आपसी समन्वय से कार्य करें।
बैठक में अभियान के तहत आयोजित होने वाले 13 प्रमुख कार्यक्रमों की योजना वार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बताया कि सभी संबंधित विभागों को तिथिवार कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर कंडारकर ने बताया कि विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों और विकास कार्यों से आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी संकलित की जाएगी। ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम के तहत लाभार्थियों की सफलता की कहानियां, फोटो और वीडियो एकत्र कर प्रचारित किए जाएंगे।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर को शाम सात बजे सुकतीर्थ सहित 11 स्थानों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ के तहत विद्यालयों में चित्रकला व भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। ‘आंगन का उत्सव’ में उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। ‘सेवा मेरा योगदान’ में स्वच्छता, वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर और श्रमदान जैसी गतिविधियां होंगी। ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विकासखंड स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे।बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, एसएसपी संजय कुमार वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।














