मुजफ्फरनगर। जिले में आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और बच्चों को पोषण के साथ गुणवत्तापूर्ण प्री-स्कूल शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को विकास भवन सभागार में जिला पोषण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमलकिशोर देशभूषण ने की। बैठक में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों को कायाकल्प के निर्धारित 18 बिंदुओं से पूरी तरह संतृप्त कराया जाए। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी सुशील कुमार, सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों और प्रभारियों को निर्देशित किया कि अगली समीक्षा बैठक से पहले प्रत्येक केंद्र पर आवश्यक कार्य पूरे कराए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों के कायाकल्प में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीडीओ ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर आंगनवाड़ी केंद्रों का व्यक्तिगत निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मौके पर पहुंचकर केंद्रों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया जाए और जिन कार्यों की आवश्यकता है, उन्हें चिन्हित कर समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए।
उन्होंने बाल विकास परियोजना अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर 18 बिंदुओं के तहत लंबित कार्यों की सूची तैयार की जाए। इसके बाद सूची संबंधित खंड विकास अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि विकासखंड स्तर पर आवश्यक कार्य तत्काल शुरू कराकर पूरे किए जा सकें। सीडीओ ने कहा कि अगली समीक्षा बैठक तक जिले में कोई भी आंगनवाड़ी केंद्र ऐसा नहीं होना चाहिए, जहां कायाकल्प के 18 बिंदुओं से संबंधित कार्य अधूरे हों।























































