तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय ने अभी छह महीने पूरे किए गए हैं। उनकी अगुवाई वाली तमिलनाडु सरकार सुप्रीम कोर्ट की अवमानना में घिर गई है। सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को आदेश दिया था कि मंदिर की ओर से अधिकृत एक छोटी टीम को विवादित पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने की अनुमति दी जाए।हालांकि मंगलवार शाम तक उस स्तंभ पर दीप नहीं जलाया गया। परंपरागत स्थान उची पिल्लैयार मंदिर के पास ही दीप जलाया गया। इसके हिंदू परिषद ने सुप्रीम कोर्ट में अवमानना याचिका दाखिल करने का ऐलान किया है। इससे विजय की सरकार कानूनी संकट में घिर सकती है। राज्य में बीजेपी-एआईएडीएमके ने हमला बोला है।
सहयोगी दलों के दबाव में झुके
सवाल उठ रहा है कि जब सुप्रीम कोर्ट का अंतरिम आदेश था। तो विजय की अगुवाई वाली सरकार ने ऐसा क्यों किया। विजय के दीपाथून पर महा दीपम प्रज्जवलित नहीं करने के फैसले को अन्नामलाई ने विनाशकारी निर्णय करार दिया है। साधु-संतों की तरफ भी तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग, विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके), सीपीआई और सीपीआई(एम) ने विवादित जगह पर दूसरा दीप जलाने का विरोध किया था। वामपंथी दलों ने विजय से मौजूदा परंपरा को बनाए रखने की अपील की थी।
विजय के सामने थे दो विकल्प
ऐसे में डीएमके के साथ चुनाव लड़े सहयोगी दलों के समर्थन से सरकार चला रहे विजय के सामने मुश्किल खड़ी हो गई थी। उनके सामने दो विकल्प थे। सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करके सहयोगियों को नाराज करना या सहयोगियों के साथ खड़े होकर अदालत की अवमानना का जोखिम उठाना। विजय ने दूसरा रास्ता चुना। बीजेपी ने दीपाथून की जगह मंदिर में दीप जलाने पर विजय को घेरा है। विजय उपचुनाव में दो सीटें जीतने के बाद भी बहुमत के लिए सहयोगियों पर निर्भर हैं। उनके एक विधायक के निधन और दूसरे के यौन उत्पीड़न के मामले में घिरने से मुश्किल और बढ़ी है।
क्या है दीपम विवाद?
तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी के नीचे सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर स्थित है। यह भगवान मुरुगन के छह प्रमुख निवास स्थलों में से एक है। पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में सिकंदर बदूशा दरगाह है। विवादित पत्थर का स्तंभ दरगाह से करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित है। हिंदू संगठन लंबे समय से इस स्तंभ पर अतिरिक्त दीप जलाने की मांग कर रहे हैं। मंदिर के पुजारियों का कहना है कि परंपरागत रूप से दीप उची पिल्लैयार मंदिर के पास ही जलाया जाता रहा है। विजय ने पिल्लैयार मंदिर पर ही दी दीप जलाया। कोर्ट ने दीपाथून पर एक बार जलाने की अनुमति दी थी। ऐसे में विजय की सरकार पर कोर्ट की अवमानना का खतरा खड़ा हो गया है।















