बाँदा। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर सोमवार को महाराणा प्रताप चौक, में सड़क सुरक्षा पखवाड़े (16 से 30 नवंबर) का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मंडलायुक्त अजीत कुमार, पुलिस उपमहानिरीक्षक राजेश एस. और जिलाधिकारी अमित आसेरी ने उपस्थित जनमानस, एनसीसी, स्काउट-गाइड के कैडेटों और छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ दिलाई। इसके बाद सड़क सुरक्षा जागरूकता प्रचार वाहन और बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। मंडलायुक्त अजीत कुमार ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पखवाड़े के दौरान गांव-गांव तक जागरूकता अभियान का प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक हो सकें।
पुलिस उपमहानिरीक्षक राजेश एस. ने कहा कि सड़क पर चलते समय यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।जिलाधिकारी अमित आसेरी ने सभी लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन करके हम अपना और दूसरों का जीवन सुरक्षित रख सकते हैं। इस अवसर पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) उदयवीर सिंह ने प्रतिदिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के बारे में जानकारी दी और जागरूकता बढ़ाने की अपील की।















