संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनीं.

मुजफ्फरनगर। तहसील सदर स्थित सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे फरियादियों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनी गईं। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान होना चाहिए। जिन शिकायतों में स्थलीय जांच की आवश्यकता है, उनमें संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करें और निर्धारित समयसीमा के भीतर अपनी आख्या प्रस्तुत करें। अपर जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि पेंशन अथवा किसी अन्य सरकारी योजना का लाभ प्राप्त करने में यदि आवेदक को किसी अपरिहार्य कारण से परेशानी हो रही है तो केवल आख्या लगाकर शिकायत का निस्तारण न किया जाए। संबंधित अधिकारी आवेदक को समस्या और उसके कारण की पूरी जानकारी दें।

इसके बाद ही आख्या अपलोड की जाए तथा आवेदक को अवगत कराने की जानकारी भी आख्या में दर्ज की जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतकर्ता को निस्तारण की कार्रवाई से अवगत कराते हुए उसकी संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत चल रही स्वगणना के प्रति लोगों को जागरूक किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और फरियादियों से ऑनलाइन माध्यम से अपनी स्वगणना करने तथा अपने परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। इस दौरान समाधान दिवस में आए शिकायतकर्ताओं और उपस्थित कर्मचारियों की स्वगणना भी कराई गई। कार्यक्रम में तहसीलदार सदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts