यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की मंगलवार को सऊदी अरब की राजधानी रियाद पहुंचे हैं. क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने उन्हें रिसीव किया. राष्ट्रपति यूक्रेन युद्ध में समझौते के लिए यूक्रेनी अधिकारियों और सऊदी, अमेरिकी प्रतिनिधियों के बीच मंगलवार को होने वाली वार्ता से पहले यहां पहुंचे हैं. ये वार्ता अमेरिका के साथ खनिज समझौते और रूस के साथ युद्ध खत्म करने के लिए हो रही है.सऊदी राज्य टेलीविजन ने बताया कि मंगलवार को यूक्रेन-अमेरिका शिखर सम्मेलन होगा. जेलेंस्की के साथ यूक्रेनी अधिकारी भी आए हैं, जिनमें विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा और रक्षा मंत्री रुस्तम उमरोव शामिल हैं. जेलेंस्की ने सऊदी रवाना होने से पहले सोशल मीडिया पर लिखा, “यूक्रेन युद्ध के पहले सेकंड से ही शांति की मांग कर रहा है और हमने हमेशा कहा है कि युद्ध जारी रहने का एकमात्र कारण रूस है.”वहीं सऊदी क्राउन प्रिंस ने यूक्रेनी संकट के समाधान और शांति स्थापित करने के लिए सभी अंतरराष्ट्रीय प्रयासों के प्रति देश की उत्सुकता और समर्थन को दोहराया.
क्राउन प्रिंस का जताया आभार
जेलेंस्की ने सऊदी अधिकारियों के साथ बैठक में सऊदी अरब के प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया और मध्य पूर्व तथा विश्व में सऊदी अरब की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की. बैठक में सऊदी अरब और यूक्रेन के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए.इससे पहले, किंग अब्दुलअजीज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मक्का क्षेत्र के उप-गवर्नर प्रिंस सऊद बिन मिशाल बिन अब्दुल अजीज और अन्य अधिकारियों ने ज़ेलेंस्की का स्वागत किया.
अमेरिका के विदेश मंत्री भी सऊदी पहुंचे
जेद्दा में होने वाले समिट में शामिल होने अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी सऊदी अरब पहुंचे हैं. उन्होंने भी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से मुलाकात की. रुबियो ने कहा है कि यह साफ करना महत्वपूर्ण है कि यूक्रेन की मंशा क्या है ताकि रूस के साथ शांति संभव हो सके.मंगलवार को यूक्रेनी अधिकारियों के साथ बैठक के लिए सऊदी अरब के शहर जेद्दाह जाते समय उन्होंने मीडिया से कहा कि बैठक से यह मज़बूती से निकलकर आना ज़रूरी है कि यूक्रेन भी रूस की तरह ही ‘कठिन काम करने के लिए तैयार है.’















