व्यापार बंधु की बैठक में व्यापारियों की समस्याओं पर मंथन,

मुजफ्फरनगर। विकास भवन में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह की अध्यक्षता में व्यापार बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों ने व्यापारिक क्षेत्रों से जुड़ी समस्याएं उठाईं। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का संचालन उपायुक्त राज्य कर (प्रशासन) शोभित श्रीवास्तव ने किया। बैठक के दौरान व्यापारियों ने बिजली आपूर्ति, परिवहन व्यवस्था, जलभराव, नालों के निर्माण, साफ-सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। अपर जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारिक क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाया जाए और व्यापारियों को होने वाली परेशानियों का तत्काल समाधान किया जाए।

उन्होंने टाउन हॉल फीडर और महावीर चौक फीडर से जुड़ी विद्युत आपूर्ति की समस्या का शीघ्र समाधान कराने के लिए अधिशासी अभियंता विद्युत और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए। इसके साथ ही जानसठ रोड पर नाले के निर्माण से संबंधित समस्या के समाधान के निर्देश भी दिए गए। शहर में सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था को लेकर अपर जिलाधिकारी ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को मुख्य स्थानों पर नियमित साफ-सफाई कराने को कहा। विशेष रूप से भगत सिंह रोड स्थित हनुमान चौक के समीप शौचालय की सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक सफाई कर्मचारी की तैनाती करने के निर्देश दिए। बैठक में ब्याज माफी योजना-2026 की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने योजना के तहत मिलने वाले लाभों से व्यापारियों को अवगत कराया तथा व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की। बैठक का समापन सकारात्मक एवं सहयोगात्मक वातावरण में हुआ।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts