मुजफ्फरनगर। नई मंडी स्थित वैदिक पुत्री पाठशाला इंटर कॉलेज में स्पीक मैके के तत्वावधान में छात्राओं के लिए कुचिपुड़ी नृत्य कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में दिल्ली की प्रसिद्ध कुचिपुड़ी नृत्यांगना, नृत्य-निर्देशिका एवं शिक्षिका अयना मुखर्जी ने छात्राओं को भारतीय शास्त्रीय नृत्य की बारीकियों से परिचित कराया। उन्होंने छात्राओं को कुचिपुड़ी की तकनीक, भाव-भंगिमाओं, अभिनय और कथात्मक प्रस्तुति के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी तथा नृत्य के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ने का संदेश दिया।
अयना मुखर्जी ने रवीन्द्र भारती विश्वविद्यालय तथा कुचिपुड़ी आर्ट अकादमी, चेन्नई से शास्त्रीय नृत्य का औपचारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उन्होंने गुरु जयराम राव एवं गुरु वनश्री राव से कुचिपुड़ी नृत्य की शिक्षा ग्रहण की। देश के प्रतिष्ठित सांस्कृतिक मंचों और राष्ट्रीय नृत्य समारोहों में अपनी प्रस्तुतियां दे चुकीं अयना मुखर्जी ने खजुराहो नृत्य समारोह, निशागंधी महोत्सव, NMACC और NCPA जैसे मंचों पर भी प्रस्तुति दी है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने नेहरू सेंटर, लंदन और Eler Theatre, ग्रीस सहित विभिन्न मंचों पर भारतीय शास्त्रीय नृत्य का प्रतिनिधित्व किया है। वह भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR) की एम्पैनल्ड कलाकार और दिल्ली दूरदर्शन की ग्रेडेड कलाकार भी हैं। इसके अलावा वह स्पीक मैके के कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों तक भारतीय शास्त्रीय कलाओं को पहुंचाने का कार्य कर रही हैं।
कार्यक्रम में स्पीक मैके के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधा मोहन तिवारी, मृदुला मित्तल, नीति मित्तल, भावना मित्तल सहित कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक कार्यशाला में भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. राजेश कुमारी ने स्पीक मैके की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अयना मुखर्जी को उपहार देकर सम्मानित किया और छात्राओं को कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं।























































